महाकुंभ 2025: भारतीय रेलवे की प्रदर्शनी में झलक रही विरासत और नवाचार की गाथा
महाकुंभ 2025 में भारतीय रेलवे की प्रदर्शनी में विरासत और आधुनिक तकनीक का संगम, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेनों का प्रदर्शन।

जैनुल आब्दीन
प्रयागराज: महाकुंभ 2025 का आयोजन प्रयागराज में श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिकता के साथ-साथ भारत के सांस्कृतिक और तकनीकी विकास की झलक भी प्रस्तुत कर रहा है। इसी क्रम में भारतीय रेलवे की विशेष प्रदर्शनी महाकुंभ में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यह प्रदर्शनी न केवल रेलवे की ऐतिहासिक विरासत को दर्शाती है, बल्कि आधुनिकतम् तकनीक से युक्त ट्रेनों और अधोसंरचनाओं को भी प्रस्तुत करती है।
विरासत और नवाचार का संगम
प्रदर्शनी में भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक योगदान को दर्शाने के लिए 1965, 1971 और कारगिल युद्ध के दौरान निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली विशेष ट्रेनों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए किए गए नए प्रयासों की भी जानकारी दी गई है।
रेलवे ब्रिज के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
महाकुंभ में लगी रेलवे प्रदर्शनी में देश के दो प्रमुख रेलवे ब्रिज—चेनाब ब्रिज और पंबन ब्रिज के मॉडल को प्रदर्शित किया गया है। जम्मू-कश्मीर में स्थित चेनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊँचा रेलवे पुल है, जिसकी ऊँचाई 359 मीटर है, जो फ्रांस के एफिल टॉवर से भी 35 मीटर अधिक है। वहीं, पंबन ब्रिज, जो रामेश्वरम को जोड़ता है, भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट स्पैन समुद्री रेल पुल है।
आधुनिक ट्रेनों की प्रस्तुति
प्रदर्शनी में भारतीय रेलवे द्वारा हाल ही में शुरू की गई हाई-स्पीड और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेनों को भी दिखाया गया है। इनमें विशेष रूप से अमृत भारत, नमो भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को शामिल किया गया है।
अमृत भारत ट्रेन: यह सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन है, जिसे लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है।
नमो भारत ट्रेन: भारत की पहली ईएमयू ट्रेन, जो मात्र 40 मिनट में मेरठ से अशोक नगर तक की यात्रा पूरी कर सकती है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन: यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त तेज गति वाली ट्रेन है, जो यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगी।
महाकुंभ में रेलवे की सुविधाएं
महाकुंभ के दौरान रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण प्रबंध किए हैं। अस्थायी टिकट काउंटर, बहुभाषी अनाउंसमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और आधुनिक पूछताछ केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इससे श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुँचने में आसानी होगी।
भारतीय रेलवे की यह प्रदर्शनी महाकुंभ में विरासत और नवाचार का एक अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रही है, जिससे भारत की प्रगति और तकनीकी उपलब्धियों का संदेश देश-विदेश तक पहुँच रहा है।
What's Your Reaction?






