प्रयागराज की सुंदरता में चार-चांद लगा रहे इलुमिनेशन टावर

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रयागराज में बालसन चौराहे पर बने इलुमिनेशन टावर रात के समय शहर का मुख्य आकर्षण बन रहे हैं।

जनवरी 5, 2025 - 19:17
 0  23
प्रयागराज की सुंदरता में चार-चांद लगा रहे इलुमिनेशन टावर
प्रयागराज की सुंदरता में चार-चांद लगा रहे इलुमिनेशन टावर

जैनुल आब्दीन

प्रयागराज। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रयागराज में स्थापित किए गए इलुमिनेशन टावर शहर की खूबसूरती में चार-चांद लगा रहे हैं। खासतौर पर रात के समय ये टावर शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बन चुके हैं। बालसन चौराहे पर 44 लाख रुपये की लागत से तीन भव्य टावर स्थापित किए गए हैं, जिनमें से दो टावर 7 मीटर और एक टावर 10 मीटर ऊंचा है।

ये टावर एलईडी लाइट्स से सुसज्जित हैं, जिससे चौराहे की सुंदरता रात के समय बेहद भव्य नजर आती है। इसके साथ ही ऊर्जा की खपत भी कम होती है। इन टावरों को डस्ट और वॉटर प्रूफ मटेरियल से तैयार किया गया है, जिससे इनकी लंबी उम्र सुनिश्चित हो सके।

प्रयागराज में महाकुंभ 2025 को ध्यान में रखते हुए शहर को आकर्षक बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया जा रहा है। इनमें इलुमिनेशन टावर, सिविल लाइंस में बनी शहीद वॉल और मजार तिराहा पर बनी स्मार्ट रोड जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि ये प्रोजेक्ट्स सिर्फ महाकुंभ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उसके बाद भी प्रयागराज आने वाले पर्यटकों को शहर की भव्यता और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने का काम करेंगे।

बालसन चौराहे पर लगाए गए इलुमिनेशन टावर से रात में पूरा चौराहा जगमगा उठता है, जो प्रयागराज की आधुनिकता और सांस्कृतिक धरोहर का शानदार मेल प्रस्तुत करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ये टावर शहर की पहचान बनते जा रहे हैं और पर्यटकों के लिए फोटो लेने का प्रमुख स्थान बन चुके हैं।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर की सड़कों, चौराहों और प्रमुख स्थानों को सजाने-संवारने के ये प्रयास प्रयागराज को एक आधुनिक, साफ-सुथरा और आकर्षक शहर के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow