Congress का उद्देश्य मिजोरम का समग्र विकास करना - Rahul Gandhi

#rahulgandhi #congress #mizoram

अक्टूबर 18, 2023 - 10:56
 0  19
Congress का उद्देश्य मिजोरम का समग्र विकास करना - Rahul Gandhi
Congress का उद्देश्य मिजोरम का समग्र विकास करना


नई दिल्ली - कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को मिजोरम में भाजपा-आरएसएस पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य भाजपा और आरएसएस के हमलों का सामना कर रहे हैं। 
भाजपा पर मिज़ोरम में पैर जमाने के लिए मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और जोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने आईजोल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि ये दल भाजपा और आरएसएस की मुखौटा पार्टियां हैं, जिनकी मदद से भाजपा राज्य में घुसने का प्रयास कर रही है। 
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर मिजोरम में 2,000 रु प्रति माह वृद्धावस्था पेंशन दी जाएगी। गैस सिलेंडर 750 रु में मिलेगा। उद्यमियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सोच विकेंद्रीकरण और लोगों को शक्ति देने की है, वहीं भाजपा-आरएसएस की सोच दिल्ली में सत्ता को केंद्रीयकृत करने और सभी निर्णय केंद्र से लेने की है। पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य भाजपा और आरएसएस के हमलों का सामना कर रहे हैं। भाजपा देश के संपूर्ण संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। भाजपा-आरएसएस का मानना है कि भारत पर एक ही विचारधारा और संगठन का शासन होना चाहिए, कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मिजोरम के विचार की रक्षा के लिए है। मिजोरम में नशा बढ़ रहा है, इसका बड़ा कारण युवाओं में बेरोजगारी है। कांग्रेस मिजोरम के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। कांग्रेस का उद्देश्य मिजोरम का समग्र विकास करना है।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा छोटे एवं मध्यम व्यवसायों को खत्म करने के लिए योजनाएं बनाईं गईं हैं। अडाणी और तीन-चार बड़े उद्योगपतियों को मदद देने और छोटे व्यापारियों को खत्म करने के लिए नोटबंदी की गई, जीएसटी और तीन कृषि कानून लाए गए।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में सबसे बेहतरीन सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम कर्नाटक में है। राजस्थान में 25 लाख रु तक का उपचार मुफ्त किया जा रहा है। राजस्थान की स्वास्थ्य नीति दुनिया में सबसे अच्छी स्वास्थ्य नीतियों में से एक है। छत्तीसगढ़ में किसानों और एमएसएमई का कल्याण किया जा रहा है। कांग्रेस सरकारें राज्यों में इन विभिन्न मॉडलों को विकसित कर रही हैं और केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर इन योजनाओं का देश में विस्तार किया जाएगा। 

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत दर्ज करने जा रही है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस सरकार के काम को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इन राज्यों में भाजपा के खिलाफ भारी विरोध है।
मणिपुर हिंसा पर राहुल गांधी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने आज तक मणिपुर का दौरा क्यों नहीं किया? मणिपुर में कई महीनों से हिंसा चल रही है और सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow