मैनपुरी के मंदिर होंगे पर्यटन हब, 14.19 करोड़ की 12 योजनाएं स्वीकृत

मैनपुरी के मंदिरों और स्थलों के सौंदर्यीकरण हेतु 14.19 करोड़ की परियोजनाएं, पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा।

अप्रैल 12, 2025 - 19:21
 0  7
मैनपुरी के मंदिर होंगे पर्यटन हब, 14.19 करोड़ की 12 योजनाएं स्वीकृत
मैनपुरी के मंदिर होंगे पर्यटन हब, 14.19 करोड़ की 12 योजनाएं स्वीकृत

(अभय प्रताप सिंह)

मैनपुरी: मैनपुरी जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत मैनपुरी जिले में 14.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनके अंतर्गत प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। यदि कहीं भी घटिया सामग्री का उपयोग पाया गया, तो संबंधित संस्था पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजनाएं मैनपुरी की धार्मिक पहचान को और भी मजबूत बनाएंगी तथा स्थानीय पर्यटन को नया जीवन देंगी। उन्होंने बताया कि इस योजना में घंटाघर का सौंदर्यीकरण, ग्राम अलुपुरा में स्थित श्री 108 मिट्ठू बाबा सत्यबली आश्रम, औरंग गांव के भगवान भोलेनाथ विश्वनाथधाम मंदिर और माता मंदिर का पर्यटन विकास शामिल है।

इसके अलावा करहल ब्लॉक के सहन ग्राम में साइनेज, पर्यटन गेट और पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाएगा। अड्डूपुर गांव में तुलसीदास मंदिर का नवीनीकरण, फकीरपुर स्थित ठाकुरदास जी महाराज मंदिर का सौंदर्यीकरण, नौरंगपुर के सत्यकैलाश आश्रम का विकास और मिढ़ावली गांव में माता मंदिर का भव्य रूपांतरण प्रस्तावित है।

किसनी तहसील में सारस पक्षियों के विचरण स्थल को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए साइनेज लगाया जाएगा, जिससे पक्षी प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।

इन सभी योजनाओं के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई है। श्री भीरू राठौर, इंदल कश्यप, रामनरेश अग्निहोत्री, अमन यादव, मिश्री लाल, विवेक सिंह, विपुल पाण्डेय, विशाल सिंह और शशिकांत चौहान जैसे लोगों के प्रस्तावों को ध्यान में रखते हुए यह परियोजनाएं तैयार की गई हैं।

सरकार को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद न केवल मैनपुरी जिले के धार्मिक स्थलों को एक नई पहचान मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्र पर्यटन के नक्शे पर और भी प्रमुखता से उभरेगा। इससे न सिर्फ स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow