राज्य महिला आयोग ने किया जनसुनवाई और निरीक्षण
प्रयागराज में राज्य महिला आयोग ने जनसुनवाई की और आंगनबाड़ी केंद्र, जिला कारागार, महिला चिकित्सालय और शरणालय का निरीक्षण किया।

प्रयागराज। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने प्रयागराज में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया और महिला कल्याण से जुड़े विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बख्तियारी आंगनबाड़ी केंद्र, जिला कारागार, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जिला महिला चिकित्सालय और महिला शरणालय का दौरा किया गया।
महिला आयोग सदस्य ने बख्तियारी आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर वहां चल रहे शिक्षा और पोषण कार्यक्रमों का अवलोकन किया। बच्चों की समुचित देखभाल और विकास कार्यों को संतोषजनक पाते हुए उन्होंने कार्यक्रम को जारी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रयागराज जिला कारागार के महिला बंदी गृह का निरीक्षण किया गया। वहां की स्वच्छता व्यवस्था और महिला बंदियों के बच्चों की शिक्षा पर संतोष व्यक्त किया गया। महिला बंदियों के लिए बेहतर सुविधाओं और उन्हें रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रखने के निर्देश दिए गए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, चाका का निरीक्षण कर महिला आयोग सदस्य ने विद्यालय में रह रही छात्राओं से बातचीत की और उनकी शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय को उच्चीकृत करने की आवश्यकता जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की अपेक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का भी दौरा किया गया। आयोग की सदस्य ने वार्डों में भर्ती महिलाओं से बातचीत कर अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। SNCU वार्ड में भर्ती नवजात शिशुओं की देखभाल और उपचार सुविधाओं को भी परखा गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में प्रयागराज में संचालित राजकीय महिला शरणालय का दौरा किया गया। आयोग की सदस्य ने वहां रह रही महिलाओं से बातचीत कर उनकी जरूरतों और सुविधाओं की जानकारी ली। शरणालय में सफाई व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आगे सुधार के लिए निर्देश दिए गए।
राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के कल्याण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?






