करछना-बारा में भाजपा सम्मेलन सम्पन्न, नेताओं ने मोदी युग की उपलब्धियां गिनाईं

करछना-बारा में भाजपा सम्मेलन में राष्ट्रवाद, विकास और मोदी सरकार की उपलब्धियों पर नेताओं ने दिया जोर।

अप्रैल 8, 2025 - 21:53
 0  13
करछना-बारा में भाजपा सम्मेलन सम्पन्न, नेताओं ने मोदी युग की उपलब्धियां गिनाईं
करछना-बारा में भाजपा सम्मेलन सम्पन्न, नेताओं ने मोदी युग की उपलब्धियां गिनाईं

(जैनुल आब्दीन)

प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, सुशासन और विकास आधारित कार्यशैली को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को करछना और बारा विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के सक्रिय सदस्यों का त्रैतीय सत्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ। करछना के बेदौं और बारा के गौहनियां में हुए इस सम्मेलन में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सम्मेलन का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा की पहचान अब एक ऐसी पार्टी के रूप में बन चुकी है, जो राष्ट्रवाद, सुरक्षा और विकास की तीनों धाराओं पर समान रूप से काम करती है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा ने देश के 20 से अधिक राज्यों में सत्ता में भागीदारी करते हुए विकास का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती और रणजीत सिंह ने पार्टी के वैचारिक विस्तार पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि वे पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। वहीं द्वितीय सत्र में नीरज त्रिपाठी, जो इलाहाबाद लोकसभा से प्रत्याशी भी रह चुके हैं, ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किए गए पोखरण परमाणु परीक्षण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई सर्जिकल स्ट्राइक ने भारत की शक्ति का लोहा दुनिया को मनवाया है। उन्होंने भाजपा को एकमात्र ऐसी पार्टी बताया जो बिना भेदभाव के सभी वर्गों का समान विकास करती है।

सम्मेलन के समापन सत्र में करछना विधायक पियूष रंजन निषाद और पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय ने प्रधानमंत्री मोदी की 11 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत को न केवल वैश्विक मंच पर मजबूती दी है बल्कि देश के आंतरिक विकास में भी क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के निर्माण में जुटने का आह्वान किया।

बारा विधानसभा में हुए सत्रों की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश प्रसाद मिश्र, रत्नाकर सिंह पटेल और अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष राजमणि पासवान ने की। सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष दिनेश प्रजापति, जगत नारायण शुक्ला, वंदना सिंह, आशीष पाल, अखिलेश सिंह पटेल सहित दोनों विधानसभाओं के सक्रिय सदस्य शामिल रहे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि यह सम्मेलन पार्टी के आगामी रणनीतिक उद्देश्यों और संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा है, जो कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow