भारतीय दूतावास के प्रयासों से लीबिया में फंसे 18 भारतीयों की सकुशल घर वापसी
लीबिया के बेनगाजी में फंसे 18 भारतीय नागरिकों को भारतीय दूतावास के प्रयासों से सफलतापूर्वक घर लौटने का मौका मिला।
शाश्वत तिवारी
नई दिल्ली। भारतीय दूतावास के ठोस प्रयासों से लीबिया के बेनगाजी में फंसे 18 भारतीय नागरिकों को आखिरकार सुरक्षित रूप से भारत वापस लाया गया है। सुरक्षा चिंताओं के चलते ये लोग लंबे समय से लीबिया में फंसे हुए थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी और कहा कि दूतावास ने इन नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए लीबियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और उन्हें आवश्यक यात्रा दस्तावेज़ और प्राधिकरण प्रदान किया।
इन भारतीय नागरिकों को बेहतर रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें जल्द ही संकटपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। विदेश मंत्रालय ने इस पूरे मामले की लगातार निगरानी की और भारतीय दूतावास ने प्रत्यावर्तन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया। उल्लेखनीय है कि इस समूह के तीन सदस्य पहले ही अक्टूबर में भारत लौट आए थे।
जायसवाल ने लीबियाई अधिकारियों के त्वरित प्रतिक्रिया और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, "हम लीबियाई अधिकारियों के समर्थन और सहयोग के लिए आभारी हैं और भारत सरकार विदेशों में सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
What's Your Reaction?