अंबेडकरनगर: जिलाधिकारी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण

अंबेडकरनगर जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी, सुधार के दिए निर्देश।

फ़रवरी 15, 2025 - 21:18
 0  24
अंबेडकरनगर: जिलाधिकारी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण

आनंदी मेल संवाददाता

अंबेडकरनगर: जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तहसील जलालपुर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन समस्याओं को सुनने के उपरांत विभिन्न निर्माण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने ग्राम पंचायत गौसपुर में निर्माणाधीन मैरिज हॉल का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, गुणवत्ता एवं आगणन की विशिष्टियों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उप स्वास्थ्य केंद्र अशरफपुर मुजगवां का औचक निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने चिकित्सा कर्मियों के कार्यों की सराहना की। बताया गया कि यह केंद्र पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य स्तर पर सम्मानित हो चुका है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, मंगूराडिला का निरीक्षण किया, जहां ताला लगा पाया गया। तैनात सीएचओ सौम्या कुमारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो सकी। इस पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों के कार्यों की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र मंगूराडिला प्रथम) का निरीक्षण
इसके बाद जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर/उप स्वास्थ्य केंद्र मंगूराडिला प्रथम का निरीक्षण किया। सीएचओ विकास गुप्ता मौके पर उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर में दर्ज मरीजों से रैंडम फोन कॉल के जरिए उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एक मरीज का मोबाइल नंबर गलत दर्ज पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ओपीडी रजिस्टर में मरीजों का सही और स्पष्ट विवरण अंकित किया जाए।

साथ ही, टेलीमेडिसिन पोर्टल का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने औसत समय और टेलीमेडिसिन सेवाओं की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि जनसामान्य को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर और सुगम चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जलालपुर भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow