‘मित्र शक्ति’: भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू

भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मित्र शक्ति' सोमवार को शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य अंतर-संचालन और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना है।

अगस्त 13, 2024 - 17:03
 0  20
‘मित्र शक्ति’: भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू
‘मित्र शक्ति’: भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू

कोलंबो। भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मित्र शक्ति' सोमवार को शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य अंतर-संचालन और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना है।

श्रीलंका के मदुरू ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में शुरू हुए 'मित्र शक्ति' का यह 10वां संस्करण है, जो 12 से 25 अगस्त तक आयोजित होगा।

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति का 10वां संस्करण 12 अगस्त 2024 को भारतीय वायुसेना के आईएल-76 विमान में भारतीय सेना की टुकड़ी के मट्टाला पहुंचने के साथ शुरू हो गया है।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र अधिदेश के अध्याय सात के तहत उप-पारंपरिक परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए दोनों पक्षों की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है। यह अभ्यास अर्ध-शहरी वातावरण में संचालन पर केंद्रित होगा।

‘मित्र शक्ति’ एक वार्षिक प्रशिक्षण अभ्यास है जो भारत और श्रीलंका में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। संयुक्त अभ्यास के दौरान की जाने वाली सामरिक गतिविधियों में आतंकवाद विरोधी अभियान, एक संयुक्त कमान पोस्ट की स्थापना, एक खुफिया और निगरानी केंद्र की स्थापना, एक हेलीपैड/लैंडिंग साइट की सुरक्षा, छोटी टुकड़ियों का प्रवेश और निकासी, विशेष हेलीबोर्न ऑपरेशन, घेराबंदी और तलाशी अभियान के अलावा ड्रोन और काउंटर ड्रोन सिस्टम का उपयोग शामिल है।

यह अभ्यास दोनों पक्षों को संयुक्त अभियान चलाने के लिए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम अभ्यास साझा करने में सक्षम बनाएगा। संयुक्त अभ्यास रक्षा सहयोग को भी बढ़ाएगा, जिससे दोनों मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा। यह दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन गतिविधियों, सौहार्द और शांति सहयोग को बढ़ाने में मदद करेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow