पत्रकार संगठन ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

लोकसभा चुनाव-2024 में समाज का हर वर्ग उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज करा रहा है

मई 9, 2024 - 11:56
 0  17
पत्रकार संगठन ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली
पत्रकार संगठन ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

लखनऊ। स्वीप कार्यक्रम के तहत राजधानी लखनऊ के पत्रकारों ने बुधवार को मतदाता जागरूकता रैली निकालकर एक नया इतिहास रचा।

नगर निगम लखनऊ के सहयोग से एनयूजे के नेतृत्व में इस रैली का शुभारंभ लखनऊ के सीडीओ अजय जैन और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर समाप्त हुई, जहां दोनों अधिकारियों ने उप निदेशक सूचना मधु तांबे के साथ सभी को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।

लोकतंत्र के महापर्व में देश भर में लखनऊ के पत्रकारों ने मतदाता जागरूकता रैली जैसा अभिनव प्रयास किया।

एनयूजे उत्तर प्रदेश के संरक्षक प्रमोद गोस्वामी, के बख्श सिंह, सुरेंद्र कुमार दुबे और अजय कुमार के मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना, प्रदेश महासचिव संतोष भगवान और प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुपम चौहान के नेतृत्व में एक भव्य रैली का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर टेम्पो-टैक्सी एवं ऑटोरिक्शा संयुक्त मोर्चा, लखनऊ के अध्यक्ष पंकज दीक्षित के नेतृत्व में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद वर्मा एवं कर्मचारी संघ के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे एवं उनकी टीम द्वारा उत्साहवर्धन किया गया।

एनयूजे (इंडिया) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी ने कहा कि देश में पहली बार पत्रकारों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गयी।

एनयूजे के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सैना ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में पत्रकार समुदाय पीछे न रह जाए इसलिए यह अनुष्ठान आयोजित किया गया है।

एनयूजे उत्तर प्रदेश के कोषाध्यक्ष अनुपम चौहान ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा बनकर पत्रकारों ने भी नागरिक होने का अपना कर्तव्य निभाया।

एनयूजे लखनऊ के महासचिव पद्माकर पांडे ने अपील की कि हम सभी को आगे आकर आगामी चुनाव में मतदान करना चाहिए। प्रदेश मीडिया प्रभारी/प्रवक्ता डॉ. अतुल मोहन सिंह ने कहा कि मतदान जागरूकता के लिए पत्रकारों द्वारा किया गया यह पहला प्रयास है।

एक्स एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों एवं कैडेटों ने भाग लिया। भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, महासचिव मनोज अग्रवाल और उनकी पूरी टीम मौजूद रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow